केंसर हॉस्पिटल बॉम्बे

उस युवक का नाम हरकचंद्र सावला है, जो आज कैंसर मरीजों और उनके परिजनों के लिए देवदूत के समान हैं। श्री हरकचंद्र सावला द्वारा स्थापित ‘जीवन ज्योत कैंसर रिलिफ एण्ड केयर ट्रस्ट’ आज 60 से अधिक लोक परोपकारिक प्रोजेक्ट कर रहा है। जिनमें कैंसर इलाज के लिए आए मरिजों और उनके रिश्तेदारों के लिए दोपहर (12:30pm) और रात के भोजन (6:30pm) की व्यवस्था उनके लिए दवाईयों की उपलब्धता आदि प्रमुख है और यह सब बिना किसी पैसे के किया जाता है। इसके साथ ही साथ ये उन लाशों के अंतिम संस्कार की भी व्यस्था करते हैं, जिन्हें टाटा कैंसर अस्पताल या अन्य किसी अस्पताल में छोड़ दिया जाता है। रक्तदान, अंगदान, जाँच केन्द्र, फिजियोथेरेपी आदि जैसी कई चिकित्सीय सुविधा पर संस्था काम कर रही है।

केनफ़ोलिओज़ से खास बातचीत में श्री हरकचन्द्र सावला कहते हैं कि, “हर शख्स को समाज के लिए कुछ करना चाहिए। जिस समाज ने हमें पाला-पोषा, बड़ा किया जहाँ हम रहते हैं उस समाज का एहसान है। वह एहसान चुकाना चाहिए। हर इंसान यह काम कर सकता है।”सफेद कुर्तें में सुबह से लेकर देर शाम तक श्री सावला को टाटा मेमोरियल अस्पताल में घूमते देखा जा सकता है। उन्होंने अब तक 102 बार स्वयं रक्तदान किया है, जिनमें प्रायः अनभिज्ञ अनजान मरीजों के लिए किया है। अपने व्यवसाय और रेस्टोरेन्ट को छोड़ कर 33 वर्ष पहले उन्होंने 25 कैंसर मरीजों को मदद कर अपनी संस्था का शुभारंभ किया था। आज इनकी संस्था में 150 स्वंसेवी इनके कार्य में सहयोग करते हैं। प्रतिमाह इस व्यवस्था में 12 से 15 लाख रुपये का खर्च आता है। वर्तमान में JJ, St. George, Cama, TMH में जीवन ज्योत अपनी सेवा दे रहा है। सिर्फ TMH में ही 400 से अधिक मरीज जीवन ज्योत की प्रतिदिन सेवा प्राप्त करते हैं।

दिखावे का काम करने वालों को प्रसिद्धि, सरकारी सम्मान और सराहना मिलती है, मगर श्री हरकचंद्र सावला को यदि गुगल पर भी सर्च करो तो बामुश्किल से उनकी तस्वीरें और कार्यों का व्याख्यान मिलता है। लाखों कैंसर पीड़ितों और उनके परिवार के मदद के लिए श्री हरकचंद्र ईश्वर स्वरुप हैं। दिखावे को छोड़ कर ऐसे सच्ची मानवता की सेवा करनेवालों को हम सब का सहयोग और बढ़ावा देने के लिए आगे आने की जरुरत है।
श्री हरकचंद्र जी से +919869064000 पर संपर्क किया जा सकता है।